जाता था। उसी बजरे की भाँति अमृतराय का हृदय भी आंदोलित हो रहा था, दाननाथ निस्पंद बैठे हुए थे, मानो वज्राहत हो गए हों। सहसा उन्होंने कहा - 'भैया, तुमने मुझे धोखा दिया।'
महिला ने प्रकंपित स्वर में कहा - 'सज्जनो, आपके सम्मुख आपकी बहन-आपकी कन्या खड़ी आपसे एक भिक्षा माँग रही है। उसे निराश न कीजिएगा...'
महिला - 'मैं आपके शहर के रईस लाला बदरीप्रसाद की कन्या हूँ और इस नाते से आपकी बहन और बेटी हूँ। ईश्वर के लिए बैठ जाइए। बहन को क्या अपने भाइयों से इतनी याचना करने का भी अधिकार नहीं है? यह सभा आज इसलिए की गई है कि आपसे इस नगर में एक ऐसा स्थान बनाने के लिए सहायता माँगी जाए, जहाँ हमारी अनाथ